उरई। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक पर एरच से भुआ स्टेशन के बीच 34 किलोमीटर रेलवे की लूप लाइन का लोडेड (सामान लदी) मालगाड़ी से स्पीड ट्रायल किया गया। अभी इस ट्रैक पर लूप लाइन में 15 किलोमीटर की रफ्तार से भरी हुई मालगाड़ी गुजरती हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही इस ट्रैक पर 30 किलोमीटर की रफ्तार से लोडेड मालगाड़ियां गुजरेंगी।
गुरुवार को सुबह 10.25 बजे एरच रोड स्टेशन से भुआ स्टेशन के बीच लूप लाइन में भरी मालगाड़ी की रफ्तार बढ़ाने के लिए स्पीड ट्रायल हुआ। वरिष्ठ मंडलीय सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (सीनियर डीएसटीई) आशीष कुमार सैनी और मंडलीय अभियंता लाइन सुधीर कुमार ने मालगाड़ी के इंजन में बैठकर स्पीड ट्रायल लिया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता मशीन से परखी। देखा गया कि जर्क (झटका) तो नहीं लग रहा है। रफ्तार के दौरान सिग्नल व्यवस्था कैसी है। पुल और पुलिया और रेलवे क्रासिंग पर कैसी रफ्तार से ट्रेन चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रायल सफल रहा है। वे अपनी रिपोर्ट बनाकर डीआरएम के माध्यम से रेल संरक्षा आयुक्त को भिजवाएंगे। वहां से संस्तुति मिलने के बाद इस ट्रैक पर यार्ड में भी मालगाड़ी 15 किलोमीटर की बजाय 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से गुजरेगी। इससे ट्रेनों के समय की बचत होगी।
ट्रैफिक ब्लाक में फंसी मालगाड़ी
उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई भुआ भुआ सेक्शन में गुरुवार को 12.30 बजे से 2.30 बजे तक दो घंटे का ट्रैफिक और पावर ब्लाक लिया गया। इंजीनियरिंग विभाग ने ट्रैक मरम्मत के लिए ब्लाक लिया था। चलते ब्लाक झांसी से कानपुर जाने वाली एक मालगाड़ी भुआ स्टेशन और एक एट स्टेशन पर खड़ी रही।