उरई। आगामी छह जुलाई को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी की समीक्षा बैठक डीएम चांदनी सिंह की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने कहा कि जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों में 5017 छात्र परीक्षा देंगे। 11 केंद्रों को तीन जोन व छह सेक्टर में बांटा गया है। इसके लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा 22 पर्यवेक्षक एवं 11 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी कर दी गई है। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को सभी तैयारी पूर्ण करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र में छात्रों को फोटोयुक्त प्रवेशपत्र दो प्रतियों में तथा एक फोटोयुक्त आईडी प्रूफ लेकर आना होगा। बिना मास्क के किसी भी परीक्षार्थी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चार जुलाई को परीक्षा सामग्री और स्टेशनरी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेगी और कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पांच जुलाई को केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों की बैठक होगी। इसमें परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था चाक.चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी सुबह 7:30 बजे से 8 बजे के बीच में अवश्य पहुंच जाएं और परीक्षा केंद्र का स्टाफ छह से सात बजे के बीच में पहुंच जाए।
-------------
इन केंद्रों पर होगी परीक्षाएं
राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज, आर्य कन्या इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, गांधी इंटर कालेज, दयानंद वैदिक कालेज, गांधी महाविद्यालय, सनातन धर्म इंटर कालेज, सर्वोदय इंटर कालेज, जनता विद्या मंदिर इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
---------------
फोटो-20-दिनेश को सम्मानित करते समाजसेवी।संवाद
10 बार यूपी बोर्ड से हाईस्कूल पास कर बनाया कीर्तिमान
उरई। शहर के मोहल्ला राजेंद्रनगर निवासी दिनेश कुमार वैज्ञानिक ने इस साल यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा दसवीं बार पास की है। वह अब तक अलग-अलग विषयों से नौ बार हाईस्कूल की परीक्षा पास कर चुके हैं। जबकि इस बार इंटरमीडिएट की भी परीक्षा चौथी बार पास की है। अलग-अलग बोर्ड परीक्षा पास करने के पीछे दिनेश की सोच में हर एक विषय का ज्ञान अर्जन कर उस विषय पर शोध करना है। उनके इसी कार्य को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय चौधरी के कार्यालय पर उनको मुंबई से आए समाजसेवियों ने सम्मानित किया। मुंबई से आई साइकोलॉजिकल काउंसलर रक्षान हुसैन और कारोबारी गुलाम हुसैन एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष की पत्नी शिक्षिका यशोधरा दिनकर ने दिनेश को सम्मानित कर उनका हौसलाअफजाई की। दिनेश ने संस्कृत, कला, रंजन कला, उर्दू, मानव विज्ञान, विज्ञान, संगीत वादन आदि विषयों में अलग-अलग परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनके पिता रिटायर्ड जिला कृषि अधिकारी रहे हैं। उनके हौसले की हर जगह तारीफ की जा रही है कि उन्होंने शिक्षा के प्रति उनके लगाव से लोगों में जागरुकता आएगी।
-----------------
फोटो-21-स्कूल का निरीक्षण करते जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी। संवाद
जिपंस ने चार स्कूलों को लिया गोद
उरई। जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी ने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव के विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय हरदोई राजा, प्राथमिक विद्यालय कुसमरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुसमरा, खर्रा को गोद लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया। निरीक्षण के दौरान सभी विद्यालयों में कार्यरत प्रधान अध्यापकों और सहायक अध्यापकों से विभिन्न मुद्दों पर बात की। विद्यालय संचालन में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। पुस्तकालय, पेयजल, फर्नीचर, शौचालय, बाउंड्रीवॉल, खेल के मैदान एवं रसोईघर की व्यस्थाएं देखी और मिड-डे मील योजना के अंतर्गत बनने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखीं।