उरई। स्थानांतरण आदेश के 10 दिन बाद भी सीएमओ ने चार्ज नहीं छोड़ा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। कुछ कर्मचारी कामकाज करने में इसलिए कतरा रहे हैं कि आठ अगस्त के बाद होने वाले आदेशों को आने वाले सीएमओ कहीं बदल न दें।
करीब चार साल से जिले में तैनात सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा को बीती आठ अगस्त को अपर निदेशक (एडी) वाराणसी बनाया गया था। तबादला आदेश में लिखा था कि वह पुराने स्थान पर स्वत: चार्ज छोड़कर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। इसके बाद भी उन्होंने नए स्थान पर कार्यभार नहीं संभाला है।
स्थानांतरण होने के बाद भी सीएमओ द्वारा कार्यभार न छोड़ने पर शहर के मोहल्ला राजेंद्रनगर निवासी शशिकांत त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, गृहमंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य आदि को ई मेल के माध्यम से शिकायती पत्र भेजा है। आरोप लगाया है कि जालौन सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा का तबादला पीएम नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में हुआ है। वह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, लेकिन सीएमओ पद नहीं छोड़ रहे हैं और जोड़तोड़ करके शासन के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं।
उन्होंने कानपुर नगर में सीएमओ व डीएम मामले का भी हवाला दिया और शासन की मंशा के अनुरूप काम कराने की मांग की। अपर निदेशक झांसी मंडल डॉ. सुमन का कहना है कि जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया को सीएमओ का चार्ज सौंपने को कहा गया है।