डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगने के बाद हुई थी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कोंच। पिछले दिनों कस्बे के क्लीनिक में गलत इलाज के कारण 11 वर्षीय बालक की हुई मौत को जिम्मेदार अधिकारी हल्के में ले रहे हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल तो सील करवा दिया था। सील होने के 11 दिन बाद भी अस्पताल व उसके संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
बता दें कि 14 जुलाई को कस्बे के नया पटेलनगर में उरई रोड पर स्थित वात्सल्य क्लीनिक में हुए इलाज के बाद 11 वर्षीय विवेक प्रजापति की मौत हो गई थी। परिजनों ने मौत का कारण डॉक्टर द्वारा किया गया गलत इलाज व दोबारा रात में तबीयत बिगड़ने पर उसे देखने से मना करने का आरोप लगाया था। परिजनों ने मामले की शिकायत डीएम के यहां की। शिकायत के बाद 21 जुलाई को एसीएमओ डॉ अरविंद भूषण व कोंच सीएचसी अधीक्षक डॉ अनिल कुमार शाक्य ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच टीम ने सबसे पहले मृतक के पिता रामू व उसकी पत्नी के बयान किए गए। इसके बाद वात्सल्य क्लीनिक पहुंचे। वहां डॉक्टर नदारद मिले। नायब तहसीलदार सादुल्ला खान की मौजूदगी में जांच के बाद टीम ने अस्पताल सील किया गया। एसीएमओ डॉ अरविंद भूषण का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।