प्लेटफार्म नंबर एक पर लगी यात्रियों की भीड़।
- फोटो : संवाद
उरई। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों में उत्साह कम नहीं हो रहा है। वीकेंड के चक्कर में फिर से स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हालत यह रहे कि स्टेशन पर तिल रखने तक की जगह नहीं बची। श्रद्धालुओं में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। झांसी से प्रयागराज जाने वाली महाकुंभ स्पेशल अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से आई। इसके बावजूद यात्रियों की संख्या कम नहीं हुई। जब ट्रेन आई तो यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए सुरक्षाबलों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की संख्या ज्यादा है। जैसे ही उन्हें कानपुर की ओर जाने वाली किसी भी ट्रेन की उद्घोषणा सुनाई देती है तो बिना सोचे ट्रेन पकड़ने के लिए भागने लगने लगते है। महाकुंभ स्पेशल ट्रेन निर्धारित समय 1.55 बजे के स्थान पर पांच बजकर दस मिनट पर आ रही है। जैसे ही कुछ यात्रियों को यह मालूम हुआ कि ट्रेन विलंबित है तो वह स्टेशन पर ही चटाई बिछाकर अपने अपने जत्थे के साथ भोजन करने में जुट गए। कुछ यात्रियों ने आराम भी कर लिया। इसी बीच चार बजे ग्वालियर से बरौनी जाने छपरा मेल के आने का एनाउंसमेंट हुआ तो करीब दो सैकड़ा यात्री इस ट्रेन में सवार हो गए। इसकी वजह से यह ट्रेन में ठसाठस भर गई। राठ हमीरपुर जनपद से ट्रेन न होने के कारण कई यात्री उरई से ट्रेन पकड़ते है। इसकी वजह से भी स्टेशन पर भीड़ दिखाई दे रही है।
वाटर एटीएम बूथ पर बैठकर लेती रहीं लोकेशन
ट्रेन के विलंब से चलने के कारण स्टेशन पर बने वाटर एटीएम पर दो लड़कियां बैठकर पहले मोबाइल पर ट्रेन की लोकेशन देखी और फिर सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गईं। उनके साथ जाने वाले लोग बार-बार उन लड़कियां से ट्रेन की लोकेशन पूछते रहे। उन्हें वाटर एटीम के बूथ पर बैठा देखकर कई लोग उन्हें देखकर मुस्कराते हुए निकल गए।