कोंच। कोंच ब्लॉक के ग्राम भदारी में सरकारी तालाब पर अतिक्रमण से जलनिकासी की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर तालाब से अतिक्रमण हटवाकर पानी की निकासी व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तालाब संख्या 220 का कुल रकबा 0.2830 हेक्टेयर है। आरोप है कि कुछ लोगों ने तालाब को मिट्टी से पाटकर उसके ऊपर अवैध निर्माण कर लिया है। इससे तालाब का मूल स्वरूप बदल गया और पानी के संग्रह की व्यवस्था प्रभावित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार पहले गांव का अधिकांश पानी इसी तालाब में पहुंचता था और यह पशुओं के लिए भी प्रमुख जलस्रोत था।
तालाब पाटे जाने और जल निकासी का रास्ता बंद होने से बारिश के साथ ही घरों से निकलने वाला पानी रिहायशी बस्ती में जमा हो रहा है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत पर एसडीएम अभिनव कुमार ने जांच के बाद समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। शिकायत करने वालों में गिरेन्द्र, पिंटू, प्रीतम, देवेंद्र, धर्मसिंह, श्रीप्रकाश, प्रवीण, पवन, रोहित, मुन्ना, धर्मवीर, राहुल, अरविंद, राजकुमार, भूपत, राजा, मूलचंद्र, श्यामू आदि रहे। (संवाद)