कालपी। बिजली निगम की टीम ने कोतवाली के सामने शराब ठेके पर बिजली चोरी पकड़ी है। जांच में सामने आया कि घरेलू कनेक्शन से न केवल ठेका चल रहा था, बल्कि उसी लाइन से एक छोटे कारखाने को भी बिजली दी जा रही थी।
अवर अभियंता सत्यप्रकाश के अनुसार कोतवाली के सामने स्थित मुन्ना सिंह के मकान में देशी शराब ठेका है। यह सुरेंद्र सिंह के नाम पर है। यहीं पर घरेलू कनेक्शन का दुरुपयोग किया जा रहा था। सोमवार को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक किलोवाट के कनेक्शन पर तीन किलोवाट बिजली का उपयोग किया जा रहा था। पड़ोस में एल्यूमीनियम दरवाजे बनाने वाला कारखाना भी उसी कनेक्शन से चल रहा था। विभाग ने जांच पूरी कर रिपोर्ट बिजली चोरी निरोधक थाना उरई को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अन्य स्थानों पर भी ऐसे मामलों की जांच की जाएगी। (संवाद)