फोटो-13-बिजली चालू कराने की शिकायत देने जाते चितौरा के उपभोक्ता। संवाद
माधौगढ़। बिजली निगम के संविदा कर्मियों ने चितौरा में छह दिन बाद बिजली चालू नहीं की है। इससे नाराज 17 उपभोक्ताओं ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को शिकायत देकर बिजली चालू कराने की मांग की है। एसडीएम ने एसडीओ रतनलाल सक्सेना से शीघ्र बिजली चालू करा कर रिपोर्ट देने की बात कही।
कोतवाली क्षेत्र के चितौरा निवासी उपभोक्ता अरूण कुमार सक्सेना,गजेंद्र कुमार, रमजीत, राजेश, विपिन, अवधेश, हरजीत, फूलसिंह, रणजीत आदि मंगलवार दोपहर तहसील पहुंचकर एसडीएम को शिकायत की। इसमें बताया कि शुक्रवार की शाम को बिजली निगम के संविदा कर्मी राजा सिंह, आकाश व प्रशांत सिंह ने माता मंदिर के पास रखा ट्रांसफार्मर उतारने लगे। जानकारी होने पर उपभोक्ता मौके पर पहुंच गए। ट्रांसफार्मर उतार रहे संविदा कर्मियों से अनुमति की जानकारी चाही। जानकारी न देने पर उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर ले जाने से मना कर दिया।
शनिवार को जेई बिजली विनीत कुमार, संविदा कर्मियों के साथ कोतवाली पहुंच गए तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दे दी। जानकारी होने पर दूसरे पक्ष से 20 उपभोक्ता कोतवाली पहुंच गए। मामला बढ़ता देख बिजली कर्मी कोतवाली से चले गए। छह दिन होने के बावजूद भी बिजली चालू न होने से आधा गांव में परेशानी है। इससे बच्चे, बूढ़ों व बीमारी से ग्रस्त लोगों का बुरा हाल है। उपभोक्ताओं की शिकायत पर एसडीएम ने एसडीओ रतनलाल सक्सेना को जांच कर शीघ्र बिजली चालू कराने के निर्देश दिए हैं।