40 नवनिर्वाचित प्रधान नहीं लेंगे शपथ
कदौरा। पंचायत चुनाव के बाद ब्लॉक की 40 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे। कारण है कि बोर्ड गठन के लिए पर्याप्त संख्या में ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित नहीं हुए हैं। जब तक निर्वाचित सदस्यों की शपथ नहीं होगी तब तक पंचायतों का संचालन प्रशासक के पास ही रहेगा।
बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम पंचायत के कार्यों में तवज्जों न मिलने के कारण लोगों ने ग्राम पंचायत सदस्य बनने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। स्थिति यह है कि ग्राम पंचायत के पूरे वार्ड तो छोड़िए, सदस्यों को लेकर गांव के कोरम तक पूरे नहीं हुए है। यही वजह है कि 40 गांवों में शपथ ग्रहण नहीं होगा। इसमें पंडौरा, निस्बापुर, दशहरी, उकासा व सोंधी में एक भी ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित नहीं हुआ। वहीं अन्य गांवों में पथरेहटा, चन्दरसी, बडागांव, मरगांया, चतेला, नाका, कुआखेड़ा, गररेही, कुरहना आलमगीर, मटरा, सुरहती, बारा, अकबरपुर, जोल्हूपुर, मसगांया, छौंक, लुहरगांव, उसरगांव, काशीरामपुर, उदनपुर, जकसिया, रैला, पाली, करमचंदपुर, इमिलिया बुजुर्ग, भदरेखी, धमना, बवीना, कठपुरवा, मदरालालपुर व बागी ग्राम पंचायतों में दो तिहाई ग्राम सदस्य तक निर्वाचित नहीं हुए। इस कारण प्रधान शपथ नहीं लेंगे। बीडीओ अतिरंजन सिंह का कहना है कि दोबारा अधिसूचना जारी होने के बाद ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित होंगे। तब तक पंचायतों का संचालन प्रशासक के पास होगा।
--------
सचिव पर लगा मजदूरी न देने का आरोप
कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम बाव्गी निवासी मजदूर शिवबालक व शशि कुमार ने सचिव पर आरोप लगाते हुए बीडीओ को शिकायती पत्र दिया। पत्र में बताया कि हमलोगों ने गांव स्थित गोशाला में पशुओं की देखरेख व साफ सफाई आदि कार्य किया था। पर सचिव ने मजदूरी का पैसा नहीं दिया। उनका आरोप है कि वह कई बार सचिव से ब्लॉक कार्यालय में जाकर मजदूरी का भुगतान करने की मांग भी की। पर सचिव अश्वासन देकर टरका देते है। इस संबंध में बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि जल्द मजदूरों की मजदूरी का भुगतान कराया जाएगा।