जालौन। अलाईपुरा में ग्राम पंचायत सदस्यों के तीन पर्चे खारिज हो गए हैं। इस पर उम्मीदवारों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए सीडीओ को शिकायती पत्र भेजा है।
ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलाईपुरा में 11 वार्ड हैं। इनमें चार वार्ड से ग्राम पंचायत सदस्य चुने जा चुके हैं। शेष आठ वार्डों में ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव होने हैं। इनमें से 4 वार्ड ऐसे हैं जिन पर एक ही एक नामांकन आया है। तीन वार्डों में 2-2 व्यक्तियों ने कुल 6 नामांकन पत्र जमा किए थे। सोमवार को नामांकन पत्रों के जांच के दौरान उक्त 6 नामांकन पत्रों में से जांच के बाद तीन नामांकन पत्र खारिज किए गए।
खारिज किए गए नामांकन पत्र में वार्ड नंबर 3 से प्रभा देवी, वार्ड नंबर 5 से राबिया एवं वार्ड नंबर 10 से ममता देवी ने आरोप लगाया कि उनके नामांकन पत्र जानबूझकर निरस्त किए गए हैं। ताकि प्रधान समर्थित तीन उम्मीदवारों को ग्राम पंचायत सदस्य बनाया जा सके।
उन्होंने सीडीओ को शिकायतीपत्र भेजकर आरोप लगाया कि उन्होंने नामांकन पत्र सही भरे थे। फिर भी जांच अधिकारियों ने जानबूझकर उनके नामांकन पत्र निरस्त किए हैं। उन्होंने नामांकन पत्रों की पुन: जांच कराकर चुनाव कराए जाने की मांग की है।
बीडीओ महिमा विद्यार्थी ने बताया कि कहीं कोई पक्षपात नहीं हो रहा है। चुनाव संबंधित सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही हैं। गलती होने अथवा गलत जानकारी देने पर ही नामांकन पत्र निरस्त किया जाता है।