रामपुरा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार देर शाम राजा साहब के फार्म हाउस के पास नहर किनारे एक खेत में 80 वर्षीय वृद्ध महिला का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्धा के पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है।
कस्बा के जेडीसी बैंक के सामने निवासी रामकली (80) पत्नी ठाकुरी दोहरे शनिवार की सुबह खेतों की ओर बकरियां चराने गईं थी। बड़े पुत्र गुड्डू ने बताया कि मां देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की।
रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि राजा साहब के फार्म हाउस के पास महेश दुबे के खेत में नहर किनारे वृद्ध महिला का शव पड़ा है। परिजनों ने शव की पहचान रामकली के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका के पुत्र ने घटना में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थानाध्यक्ष शिव प्रकाश ने बताया कि खेत में एक वृद्धा का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।