फोटो - 01 घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा। संवाद
आटा। दिवाली पर घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गई वृद्धा की मिट्टी के टीले के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें समय पर मदद नहीं मिल सकी। काफी देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने मिट्टी में दबा देखा तो परिजनों को सूचना दी। करवाचौथ के दिन मां की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आटा थाना क्षेत्र के संदी गांव निवासी स्व. किशोरी लाल की पत्नी प्रेमा रानी (65) बृहस्पतिवार सुबह गांव के बाहर तालाब के पास मिट्टी लेने गई थीं। वह गड्ढे से मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। इसके नीचे दबने से उनका दम घुट गया और मौत हो गई। काफी देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर मिट्टी में दबी वृद्धा पर पड़ी। उन्होंने परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वृद्धा की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची आटा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पति की चार साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे संजू और राजकुमार हैं। मां की मौत से दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। महिला की मौत मिट्टी से दबने पर होने की जानकारी मिली है।
फोटो - 01 घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा। संवाद
फोटो - 01 घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा। संवाद