जालौन। ग्राम छिरिया सलेमपुर में मंगलवार की रात रास्ता रोककर वृद्धा और उसके बेटे के साथ लोहे की रॉड व थप्पड़ों से मारपीट कर दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर निवासी जयकुंवर देवी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे वह बेटे अनिरुद्ध के घर से दूसरे बेटे धर्मेंद्र के घर जा रही थीं। गांव के वीरेंद्र कुमार, कामताप्रसाद, ब्रजेंद्र सिंह, लल्लू और महेश समेत सात लोगों ने रास्ता रोक लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए अनिरुद्ध को भी पीट दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चौकी प्रभारी आलोक पाल ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)