कोंच। कस्बे के आराजी लेन इलाके में अधेड़ का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। वह चरवाहा था और रविवार शाम से लापता था। अधेड़ के सिर पर किसी वजनदार चीज से प्रहार व गले में रस्सी के निशान थे। सूचना पाकर एसडीएम अशोक कुमार और एसपी डॉ सतीश कुमार भी पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम इलाके के ही कुछ लोग उसे काम के बहाने ले गए थे। इंस्पेक्टर इमरान खान के मुताबिक तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सीओ आरपी सिंह के मुताबिक फिलहाल आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सोमवार सुबह बिजलीघर के पीछे लालाराम के खेत में आराजी लेन निवासी इकराम कुरैशी (45) पुत्र इशहाक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ और एसडीएम भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम को घर पर एक व्यक्ति आया और इकराम को गाय दुहनी कहकर साथ ले गया, तभी से वह लापता था। परिजन रात भर उसकी खोज भी करते रहे पर सुबह खेत पर शव पड़ा होने की जानकारी मिली।
मृतक के भतीजे कल्लू पुत्र मुश्ताक निवासी आराजी लेन कोंच की तहरीर पर विनोद, दीने पुत्रगण जगदीश निवासी आराजी लेन, उनके मामा मूंगा उर्फ गूंगा निवासी ऐधा थाना कोटरा तथा एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विनोद और इकराम दोनों ही जानवर चराने का काम करते थे, हो सकता है कि इसी को लेकर उनका आपस में कोई विवाद चल रहा हो। इसके अलावा लेनदेन के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। विनोद पर ही आरोप है कि वह घर से इकराम को ले गया था। फिलहाल मामा और उसके दोनों भांजों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही हकीकत सामने आएगी।
-घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार- फोटो : ORAI
-एसडीएम व सीओ को लाश दिखाते कोतवाल- फोटो : ORAI