उरई। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा तिथि भी घोषित कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा की तैयारी में तेजी आ गई है।
बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 मार्च से प्रारंभ होकर 12 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा को लेकर तैयारी तेज हो गई है। डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा जिले के 70 परीक्षा केंद्र पर संपादित की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं आ गई है। उनका वितरण 12 मार्च को राजकीय इंटर कालेज से सुबह दस बजे से होगा।
सभी केंद्र व्यवस्थापक उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करना सुनिश्चित करें। यदि केंद्र व्यवस्थापक नहीं आ पा रहे है तो वह शिक्षक या शिक्षणेत्तर कर्मचारी को अधिकृत पत्र और वाहन के साथ उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के लिए भेजना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगीं। परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।