मुहम्मदाबाद (उरई)। मौंरग लादकर आ रहे डंपर ने रविवार की रात बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने के बाद चालक, हेल्पर को डंपर सहित पकड़ लिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी पन्नालाल राजपूत (50) अपने मित्र मोहल्ला जेल रोड स्थित नीलबरी निवासी उस्मान (52) को साथ लेकर रविवार को बाइक से हमीरपुर जिले के बरौली, चिकासी में एक रिश्तेदार के घर शादी में जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक उरई-राठ मार्ग के डकोर कोतवाली क्षेत्र के जैसारी मोड़ के पास पहुंची, तभी हमीरपुर की तरफ से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों की मौत से उनके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जबकि पुलिस ने भाग रहे डंपर के चालक और हेल्पर को पकड़ लिया।
संकेतक न होने से होते हैं हादसे
ग्रामीणों की मानें तो इस स्थान पर कई बार हादसे हो चुके हैं। सोमवार की दोपहर भी बाइक फिसलने से दो लोग घायल गंभीर रुप से घायल हो गए थे। देर रात डंपर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि संकेतांक न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ओवरलोड ट्रक बन रहे हादसे का कारण
इस समय चेकिंग न होने से ओवरलोड ट्रक रात-दिन फर्राटा भर रहे हैं। जिससे आए दिन हादसे होने का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि ओवर लोड ट्रक तेज रफ्तार से निकलते हैं। जिन पर किसी का नियंत्रण नहीं रहता है। इसी वजह से आए दिन हादसों की घटनाएं सुनने में आती रहती हैं।