एट। क्षेत्र के नरक्षा मंदिर के पास लगे हाईटेंशन विद्युत पोल में देर रात डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे पोल धराशायी हो गया। हाईटेंशन लाइन कई जगह से टूटने से कस्बा सहित 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बाशिंदों को बिजली के साथ साथ पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
एट थाना क्षेत्र कानपुर-झांसी हाईवे नरक्षा मंदिर के निकट बन रहे बुंदेलखंड एक्सप्रेस कार्य में लगे डंपर ने रात में 33 केवी के पोल में टक्कर मार दी। पोल गिरने से कस्बे सहित आसपास के 40 गांवों की बिजली धड़ाम हो गई। लोगों ने मामले की सूचना देर रात बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी लेकिन 20 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी। जेई जितेंद्र कुमार का कहना है कि लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है, जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं टक्कर मारने वाले डंपर के खिलाफ थाने में तहरीर दी जाएगी। ं