एट (जालौन)। डंपर का टायर बदल रहे क्लीनर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे डंपर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख हाईवे पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही टक्कर मारने वाला चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बताया कि डंपर चालक बुद्ध सिंह अपने बेटे सुनील कुमार के साथ डंपर में चला करते थे। पुत्र क्लीनर का कार्य करता था।
एट थाना क्षेत्र के कानपुर-झांसी हाईवे स्थित बिजली घर के पास चाय के होटल पर मंगलवार सुबह पांच बजे के आसपास डंपर का टायर पंक्चर हो गया। क्लीनर सुनील कुमार (25) पुत्र बुध सिंह निवासी सलेमपुर थाना पूछ जिला झांसी पंक्चर टायर बदल रहा था। तभी झांसी की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार दूसरे डंपर ने क्लीनर कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही हाईवे पर हड़कंप मच गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टक्कर मारने वाला वाहन चालक छोड़कर भाग गया। एट थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी का कहना है कि टक्कर मारने वाले डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। बताया कि सुबह के वक्त जब टायर पंक्चर हुआ तो पुत्र टायर के वोल्ट खोल ही रहा था कि तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पुत्र को पिता के सामने ही कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में क्लीनर के शरीर के दो टुकड़े हुए
कानपुर-झांसी हाईवे स्थित एट बिजली घर के पास चाय के एक होटल में पंक्चर बदलते समय सुनील कुमार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ने डंपर ने टक्कर मारते हुए रौंद दिया था। हादसे में क्लीनर सुनील कुमार के शरीर के दो टुकड़े हो गए। इस हादसे को जिसने भी सुबह के वक्त देखा उसके रोंगटे खड़े हो गए वहीं पुलिस भी क्षत विक्षत शव देखकर पोस्टमार्टम के लिए हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी।