सिरसा कलार। क्षेत्र के मानपुर रोड पर खनन पट्टाधारकों की मनमानी से सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। यमुना किनारे जीतमऊ क्षेत्र में स्वीकृत मौरंग खनन पट्टे को लेकर सड़क के दोनों ओर पटरी पर मिट्टी डलवा दी गई। मंगलवार को बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ फैल गया। इससे कई दोपहिया वाहन फंस गए, जबकि चार पहिया वाहन फिसलते नजर आए।
हालात ऐसे हो गए कि कई बाइक सवारों को वाहन किनारे खड़े कर पैदल निकलना पड़ा। सड़क पर लगातार फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसमें सबसे ज्यादा जीतमऊ, मानपुर, मड़ैया, अकबरपुर और जखा गांव के निवासियों का कहना है कि सड़क की इस स्थिति से रोजमर्रा का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति बीमार हो जाए तो उसे अस्पताल ले जाना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी बलराम यादव, अंकुश राजपूत, भोले मड़ैया, प्रधान गोपाल यादव, पिंटू, खेतीलाल, बाबूराम और रविंद्र ने आरोप लगाया कि खनन पट्टाधारकों ने बिना अनुमति सड़क की दोनों पटरियों पर मिट्टी डलवाई। इससे बारिश में मिट्टी बहकर सड़क पर आ गई और हादसों की स्थिति बन गई।
आरजेपी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आदित्य शुक्ला ने बताया कि सड़क पर फैली मिट्टी और बारिश के कारण स्कूल वाहन फिसलने का खतरा बढ़ गया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल आने-जाने वाली गाड़ियां रोक दी गईं, जिससे कई बच्चे स्कूल नहीं पहुंच सके। इससे अभिभावकों में भी खासा आक्रोश है।
वर्जन
सड़क पर मिट्टी विभाग द्वारा नहीं डलवाई गई है। खनन पट्टाधारकों ने बिना विभाग की अनुमति यह कार्य कराया है। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत मिलने पर उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अंचल वर्मा, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी