कोंच। मामा के यहां रह रहे एक युवक ने मंगलवार की शाम नशे की हालत में खुद को चाकू मार लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को कोंच सीएचसी में भर्ती कराया। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मध्य प्रदेश के दबोह थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुरा निवासी राजेश कुमार वर्मा (29) चार–पांच वर्षों से मां के साथ कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरहल में मामा के यहां रह रहा था। मंगलवार की शाम राजेश ने नशे की हालत में सब्जी काटने वाला चाकू अपने पेट और दोनों हाथों में मार लिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी कोंच भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक शराब का आदी है और नशे की हालत में उसने खुद को चोट पहुंचाई है। फिलहाल मामला आत्मघाती चोट का प्रतीत हो रहा है, फिर भी घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। (संवाद)