उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रजेंटेटिव एसोसिएशन केे बैनरतले बुधवार को जिले भर के दवा प्रतिनिधियों ने हड़ताल कर शहर के अकबर मार्केेट से अंबेडकर चौराहा तक जुलूस निकालकर एफडीआई के विरोध में नारेबाजी की। कहा कि केंद्र सरकार की ओर से दवाओं में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा दिया जा रहा है, उसे बंद करना चाहिए।
दवाओं की आनलाइन बिक्री बंद करना चाहिए। सरकार को जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स कम करना चाहिए। मेडिकल एंड सेल्स रिप्रजेंटेटिव एसोसिएशन केे प्रदेश सचिव प्रताप यादव ने कहा कि भारतीय दवा उद्योग में विदेशी कंपनियों का हस्तक्षेप बंद किया जाए।
आम जनता को ध्यान में रखते हुए दवाओं के दाम कम किए जाए व उत्पाद शुल्क खुदरा मूल्य की बजाए लागत मूल्य पर लगाया जाए। दवाओं की आनलाइन बिक्री बंद कर जीवन रक्षक दवाओं पर उत्पाद शुल्क व टैक्स भी कम किया जाए। इतना ही नहीं मेडिकल रिप्रजेंटेटिव को सरकारी अस्पताल व संस्थानों में काम करने पर लगे प्रतिबंध को हटाया गया।
साथ ही चेताया कि अविलंब उनकी मांगों पर सुनवाई न हुई तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर सीएल प्रजापति, राजेश शुक्ला, राहुल, एसएस कटियार, सुनील द्विवेदी, संजय यादव व प्रदीप आदि मौजूद रहे।