उरई। झांसी मंडल के डीआरएम दीपक कुमार सिन्हा ने स्पेशल ट्रेन से झांसी कानपुर रेलखंड का निरीक्षण किया। सर्कुलेटिंग एरिया में बने पार्क के निरीक्षण के दौरान नाली के ऊपर बनी स्लैब टूटने से एक कर्मचारी गिर गया। इस पर उन्होंने सीनियर मंडलीय अभियंता कपिल गोयल से नाराजगी जताते हुए नाली के ऊपर जाली लगाने के निर्देश दिए। उरई स्टेशन पर टिकट विंडो पर तैनात महिला कर्मचारी को बिना ड्रेस के देख नाराजगी जताकर यूनीफार्म में ड्यूटी करने की हिदायत दी।
सोमवार को डीआरएम ने मोंठ, एट, उरई, पुखरायां आदि स्टेशनों पर रुककर बारीकी से जांच की। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के भी निर्देश दिए। मेन गेट पर दीवारों को साफ सफाई रखने को कहा। रेलवे कैंटीनों के निरीक्षण के दौरान उत्पादों की एक्सपायरी डेट देखी। उनके लाइसेंस चेक किए और यूपीआई से होने वाले भुगतान आदि के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद सीसीटीवी रूम में जाकर कैमरे चेक किया। प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय को देखा और बैठे यात्रियों से भी पूछताछ की। एक नंबर पर बन रही लिफ्ट को जल्द लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों से कहा। जीआरपी थानाध्यक्ष ने डीआरएम ने आवास का मामला उठाया। उन्होंने डिप्टी एसएस में पैनल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। डिप्टी एसएस केसी सोनी से संरक्षा से जुड़े सवाल पूछे।
इस दौरान सीनियर डीसीएम अमन वर्मा, सीनियर डीओएम अखिल शुक्ला, सीनियर डीईएन कोआर्डिनेशन आशुतोष चौरसिया, आरपीएफ कमांडेट विवेकानंद नारायण, सीनियर डीएसटीई कोऑर्डिनेशन नरेंद्र सिंह, सीनियर डीएसटीई रश्मि गौतम, सीनियर डीएसओ गिरीश कंचन, सीनियर डीईई नितिन गुप्ता, सीनियर डीईई टीआरडी मयंक शांडिल्य, सीनियर डीईएन सेंट्रल कपिल गोयल, पीआरओ मनोज कुमार सिंह, राजाराम राजपूत, स्टेशन अधीक्षक एसके खरे आदि रहे।