कालपी। रामचबूतरा मोहल्ले में ई-रिक्शा पीछे करने और सवारी छोड़ने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने चालक और उसके भतीजे के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामचबूतरा मोहल्ला निवासी रोहित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे वह ई-रिक्शा से नई बस्ती स्थित मीट बाजार में सवारी छोड़ने गया था। सवारी उतारने के बाद वह ई-रिक्शा पीछे कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही नईमुद्दीन और उसके पुत्र अब्बुल हुसैन उर्फ राजा व साहिल ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगे।
शोर सुनकर वहां से गुजर रहा रोहित का भतीजा अमन उसे बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। कालपी कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर नईमुद्दीन, अब्बुल हुसैन उर्फ राजा और साहिल के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। (संवाद)