कुठौंद। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम मदारीपुर में पाइप लाइन खराब होने से आधे गांव में पेयजल संकट छा गया है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान गांव की मुख्य पाइप लाइन टूट गई थी, जिससे गांव की सप्लाई बाधित है। कई बार अधिकारियों से पाइप लाइन ठीक कराने की मांग की गई, पर स्थिति जस की तस है।
बता दें कि हाल ही में गांव के बीचों बीच से फोरलेन सड़क निकल गई है। फोरलेन निर्माण के दौरान गांव की मुख्य पाइप लाइन पूर्णता ध्वस्त हो गई है, जिससे मोहल्ला काली माता मंदिर, कालपी रोड मोहल्ला आदि में लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। संगीता का कहना है कि सुबह चार बजे से हैंडपंप पर लाइन लगाना पड़ता है। ग्रामीण प्रदीप ने बताया जब से फोरलेन का काम हुआ है, तभी से गांव में एक तरफ पानी आता है। बोले, कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की, पर अभी तक कोई सुनवाई नही हुई है। रामप्रकाश प्रजापति का कहना है कि निर्माण के दौरान ही लोगों ने पाइप लाइन ठीक कराने की मांग की थी, तब अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही पाइप लाइन ठीक करा दी जाएगी। तीन माह पहले रोड का कार्य पूरा हो गया, पर अब कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी, यदि जल्द पानी की सप्लाई नहीं मिली, सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।