उरई। जिले में अपंजीकृत चिकित्सा गतिविधियों और चिकित्सकों की डिग्री की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण शुरू कर दिए हैं। बृहस्पतिवार दोपहर एसीएमओ डॉ. अरविंद भूषण ने करमेर रोड स्थित डॉ. मुन्नालाल के क्लीनिक पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान डिग्री मांगे जाने पर वह बीएएमएस की उपाधि होने की बात तो कह सके, लेकिन मौके पर उसका प्रमाणपत्र नहीं दिखा पाए। इस पर एसीएमओ ने उन्हें तीन दिन के भीतर डिग्री प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही तब तक क्लीनिक का संचालन बंद रखने को कहा।
एसीएमओ इसके बाद कांशीराम कॉलोनी के पास स्थित डॉ. मुकेश के क्लीनिक का निरीक्षण करने पहुंचे। हालांकि, वहां क्लीनिक पर ताला लगा मिला। क्लीनिक के बाहर बीएएमएस की डिग्री होने का बोर्ड लगा था। एसीएमओ ने कहा कि चिकित्सक जिस विधा में डिग्री प्राप्त किए हैं, उसी के अनुरूप चिकित्सा कार्य करें। निर्धारित योग्यता और नियमों के विपरीत इलाज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्लीनिकों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।