उरई। दलाली की सूचना पर शुक्रवार को डीएम व एसपी ने एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। वहां पर दो लोग घूम रहे थे। जब सिटी मजिस्ट्रेट ने उनसे पूछताछ की तो वह गोलमोल जवाब देने लगे। इस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को उन्हें सुपुर्द कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में दो लोग घूम रहे थे। टीम ने जब उनसे पूछताछ की तो वह जानकारी नहीं दे पाए। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कार्यालय में डीएम व एसपी के निरीक्षण की जानकारी पर कार्यालय के बाहर स्थित कैफे सेंटर का शटर बंद कर कुछ लोग भाग निकले।
जिलाधिकारी ने प्रवर्तन शाखा, कैश काउंटर, वाहन पंजीयन काउंटर, कॉमर्शियल सेक्शन और ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पटलों पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ प्रशासन सुरेश कुमार वर्मा को निर्देश दिए कि कार्यालय में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और बार-बार आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों व दलालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कार्यालय में मौजूद लोगों से कहा कि स्वयं कार्यालय आकर कार्य कराएं। किसी भी दलाल के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति कार्य के नाम पर पैसे की मांग करता है या दलाली की पेशकश करता है, तो उसकी शिकायत कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम नंबर 05162-257090 पर दर्ज कराएं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार, एसएचओ अरुण राय आदि मौजूद रहे।