मुहम्मदाबाद। डीएम राजेश कुमार पांडेय बुधवार की शाम ग्राम पंचायत डकोर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गोशाला का निरीक्षण किया। जहां संरक्षित 180 गोवंशों के लिए पीने का पानी, चारा, भूसा और गर्मी से बचाव के इंतजाम देखे।
बता दें कि गांव की समस्याओं को लेकर अमर उजाला ने 29 मई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद डीएम ने गांव का निरीक्षण किया। भीषण गर्मी में व्यवस्थाओं का जायजा लेने डीएम राजेश कुमार पांडेय डकोर पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले गोशाला का निरीक्षण किया। डीएम ने गोवंशों के लिए पीने के पानी का प्रबंध देखा। जिस पर प्रधान प्रतिनिधि सोनू यादव ने बताया कि जनरेटर से सबमर्सिबल चलाकर गोशाला में पानी का प्रबंध किया जाता है। इसके बाद डीएम ने भूसा स्टॉक देखा, और भूसादान की स्थिति जानी, तो बताया गया कि डेढ़ सौ क्विंटल भूसा दान में आया है। इसके बाद भूसे का मिलान स्टॉक रजिस्टर से किया गया, जो सही पाया गया।
गोवंशों को प्रतिदिन भूसे में चोकर मिलाने के निर्देश दिए। वहीं डीएम ने कुछ गोवंशों गुड़ भी खिलाया। गर्मी को देखते हुए पास में गोवंशों के लिए लगी नैपियर घास की सुबह-शाम सिंचाई करने को कहा है। टिनशेड के नीचे खड़े होकर गरमाहट का जायजा लिया। रात में रोशनी के इंतजाम भी देखे।
इस दौरान सीडीओ शिवकांत द्विवेदी, डीडीओ सुभाष चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद, बीडीओ बीके कुशवाहा, बलवीर सिंह सेंगर, सचिव बुद्धसिंह, प्रधान प्रतिनिधि सोनू यादव आदि मौजूद रहे।