जालौन। नगर में पूर्ति निरीक्षक का पद करीब 8 माह से रिक्त पड़ा है। पूर्ति अधिकारी के पद पर कोई स्थाई नियुक्ति न होने की वजह से उपभोक्ताओं के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। राशनकार्ड में संशोधन कराने, नए कार्ड बनवाने और राशनकार्ड में नाम जुड़वाने के लिए उपभोक्ताओं को पूर्ति विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लेकिन उनके कार्य नहीं हो पा रहे हैं। तत्कालीन पूर्ति निरीक्षक के पद पर तैनात अमोल सिंह चौहान का प्रमोशन होने के बाद से नगर में यह पद रिक्त पड़ा है।
मोहम्मद इकबाल, शाहीन बेगम, राहुल, अलोक शर्मा, जहांगीर आलम, लला महाराज आदि ने बताया कि उन्हें नए राशनकार्ड बनवाना है। महीनों से चक्कर लगा रहे हैं। पर डिजिटल सिग्नेचर न होने की वजह से उनके राशनकार्ड नहीं बन पा रहे हैं। कोरोना ने वैसे भी कमर तोड़ दी है। ऐसे में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत मिलने वाला राशन भी मिल रहा है। विक्रम, मनोज, विपुल, अमर सिंह आदि ने बताया कि उनके राशनकार्ड के यूनिट कट चुके हैं। यूनिट को जुड़वाने के लिए कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। पर अधिकारी के न होने से यूनिट नहीं जुड़ सकें हैं। अफजाल अहमद आदि ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक के खाली पड़े पद को लेकर कई बार डीएम व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज चुके हैं। लेकिन अभी तक नगर में पूर्ति निरीक्षक की तैनाती नहीं की गई है। उन्होंने डीएम से खाली पड़े पूर्ति निरीक्षक के पद पर किसी अधिकारी को तैनाती की मांग की है।