उरई। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को तलाक दे दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने छह ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर निवासी मोहम्मद आशिक ने अपनी पुत्री निशाद परवीन का निकाह वर्ष 2010 में मोहल्ला निवासी रिजवान के साथ किया था। परवीन ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उसे अक्सर पीटते थे। जानकारी पर पिता पहुंचे तो ससुरालियों ने उन्हें घर में घुसने नहीं दिया। पिता ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस ने ससुरालियों के कब्जे से उसे छुड़ाया। पति ने उसे तलाक दे दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति रिजवान अहमद, ससुर जुबेर, सास नासिरा, देवर इमरान, मामू ससुर अशफाक और आशिमा पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मुस्लिम विवाह एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।