उरई। नवरात्र से पूर्व देवी प्रतिमा की स्थापना को लेकर चुर्खी कस्बे में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। मंदिर के बाहर प्रतिमा स्थापना को लेकर एक ही वर्ग के दो पक्ष आमने सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद एसडीएम कालपी भैरपाल सिंह व सीओ संजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
बता दें कि पिछले कई सालों से मंदिर के बाहर नवरात्र पर देवी प्रतिमा स्थापित की जाती है। मंगलवार की शाम को भी जब प्रतिमा स्थापना की तैयारी चल रही थी, तो कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। एक पक्ष आम रास्ते पर प्रतिमा रखने का विरोध कर रहा था तो दूसरे पक्ष का कहना था कि सालों से इसी स्थान पर प्रतिमा रखी जाती है, वहीं रखी जाएगी।
पहले पक्ष का कहना था कि समारोह के साथ-साथ कुछ अराजकतत्व हुड़दंग भी करते है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है और आयोजन का कोई जिम्मेदार व्यक्ति भी नजर नहीं आता है। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता देखकर इलाकाई लोगों ने पुलिस बुला ली। थाना पुलिस के पहुंचने पर भी जब विवाद शांत नहीं हुआ तो सूचना पाकर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान किए जाने का प्रयास चल रहा है। कस्बे में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है, स्थिति नियंत्रण में है।