जालौन। ग्राम लौना में सबमर्सिबल चलाने और गंदगी फैलाने को लेकर बुधवार रात को दो पक्षों के बीच हुए विवाद में लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एक पक्ष की ओर से रूपाली पुत्री दिग्विजय ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात में सौरभ सिंह ने सबमर्सिबल चलाई थी और कूड़़ा-करकट उनके दरवाजे से सामने इकट्ठा करने लगे। पिता दिग्विजय ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वहां मुनुआ सेंगर, सौरभ सेंगर, शिवम सेंगर व मनोज सेंगर के साथ सुनीता लाठी, डंडे लेकर आ गए और मारपीट करने लगे। पिता दिग्विजय व उत्तम को गंभीर चोटें आई हैं। सुनीता ने उसके और वसुंधरा उर्फ लकी के साथ मारपीट की।
उधर, दूसरे पक्ष से सुनीता देवी पत्नी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के उत्तम सिंह सरकारी नल में सबमर्सिबल डाले हुए हैं। रात में वह सबमर्सिबल व शौचालय का गंदा पानी उसके दरवाजे के सामने फैलाने लगे। उन्होंने उसे ऐसा करने से रोका तो उत्तम भदौरिया, दिग्विजय सिंह, रूपा व लकी लाठी, डंडे लेकर आ गए और मारपीट करने लगे। जब वह बचने के लिए घर के अंदर गई तो यह लोग वहां भी घुस आए और मारपीट करने लगे। बेटे शिवम सिंह ने बचाने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।