उरई। आयुष कवच एप डाउनलोडिंग में 16 स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने अनियमितता बरती। मनमाने तरीके से बच्चों और उनके अभिभावकों के मोबाइल नंबर भेज दिए। जब डीआईओएस ने जांच कराई तो नंबरों में गड़बड़ी मिली। इस पर उन्होंने 16 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजकर दो दिन के अंदर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया था कि वे बच्चों, उनके अभिभावकों और आम नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा आयुष कवच एप डाउनलोड कराएं। इसके बावजूद लापरवाही बरती गई। जब उन्होंने शत प्रतिशत एप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए तो कुछ विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने मनमाने तरीके से सूची भेज दी। जब विभागीय स्तर पर जांच कराई गई तो 16 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा की गई गड़बड़ी पकड़ी गई। ऐसे सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है कि दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण दें। स्पष्टीकरण में लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सूची शत-प्रतिशत सही होनी चाहिए। ऐसा न होने पर दोषी पाते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।