उरई। बीच बाजार में लगे बिजली के पोल में देर रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बिजली का पोल केबल समेत टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। रात होने से आसपास कोई नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा होने से बच गया। तार टूटा होने से रात को तीन घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान एक तरफ से वाहन गुजरे।
बुधवार रात करीब दस बजे घंटाघर के पास सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आसपास की दुकानें बंद थी। एक-दो दुकानें खुली थीं। टक्कर के समय आसपास से कोई निकल नहीं रहा था। इसलिए बड़ा हादसा नहीं हुआ। टक्कर से एक पोल के साथ केबल भी सड़क पर आ गिरी। इससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। करीब तीन घंटे रात को एक तरह की सड़क बंद रही।
पोल गिरने की सूचना बिजली विभाग को दी गई। रात को जेई के साथ कर्मचारी पहुंचे। जिन्होंने केबल काटकर सड़क को खुलवाया। तब वाहन निकल सके। रात को पोल को हटवाकर नए पोल को भी लगवा दिया गया। गुरुवार की सुबह केबल लगाने के लिए कर्मचारी लगे रहे। उन्होंने बताया कि आठ बजे सप्लाई चालू हो गई। पोल गिरने से करीब पांच हजार की आबादी को बिजली नहीं मिल पाई। वहीं, दादुपुरा, चूड़ी मार्केट का ट्रांसफार्मर बंद रखा गया। बाकी सप्लाई शुरू कर दी गई।
हादसों को दावत दे रहे जर्जर विद्युत पोल
मुख्य बाजार होने के बाद भी सड़क किनारे बिजली के भारी पोल लगे हुए हैं। इनमें कुछ बिल्कुल सड़क पर लगे हुए हैं। जो लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। सब नीचे से गल चुके और झुके हुए हैं। मुख्य बाजार में करीब 50 पोल लगे हुए हैं। जो पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं। कभी भी हादसा हो सकता है।
तार सही कराएं तो बात बने
फैजुल ने बताया कि सड़क के किनारे पोल ही नहीं लगे हैं। केबल भी दुकानों के नीचे तक लटकी हुई हैं। अलग से रस्सी और तिरपाल लगाकर इन केबलों से बचते हैं। ताकि ग्राहकों के साथ कोई घटना न हो। अभिषेक ने बताया कि दुकानों के किराने पोल लगा दिए गए। सभी पोल व तार जर्जर हैं। दुकानों की और झुके हुए हैं। कभी भी कोई पोल गिर सकता है। कई बार कह चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
वर्जन-
देर रात को किसी ट्रक या कार ने बिजली के पोल में टक्कर मार दी थी। उससे वह गिर गया था। नया पोल लगा दिया गया है। कुछ पोल जर्जर हैं। उन्हें भी जल्द बदल लिया जाएगा। आसपास के सीसीटीवी कैमरे दिखवाया जा रहे हैं। किसने टक्कर मारी थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -मुकुल वर्मा, जेई, बिजली विभाग