उरई। जिला अस्पताल में पिछले 15 दिन से डिजिटल एक्सरे की फिल्म न होने के कारण मरीज परेशान हो रहे थे। अब फिल्म आ गई है। इससे मरीजों को राहत मिली है।
बता दें कि जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे की फिल्म न होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को कंप्यूटर पर प्रदर्शित एक्सरे रिपोर्ट को स्मार्टफोन से फोटो खींचने को कहा जा रहा था। इसमें उन मरीजों को दिक्कत हो रही थी, जिनके पास स्मार्टफोन नहीं था बिना फोन वाले मरीजों को लौटना पड़ रहा था या फिर उन्हें सादा एक्सरे कराने को कहा जा रहा था।
कुछ मरीज अस्पताल के बाहर निजी एक्सरे सेंटर पर जाकर एक्सरे कराने को मजबूर थे। रोजाना दर्जनों मरीज परेशान हो रहे थे। बुधवार को भी सौरभ आदि मरीजों के तीमारदारों का कहना था कि उनसे डिजिटल एक्सरे की प्रदर्शित फोटो की रिपोर्ट खींचने को कहा गया था।
जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ का कहना है कि डिजिटल एक्सरे की फिल्म करीब 15 दिन से खत्म थी, बुधवार को आ गई है। गुरुवार से डिजिटल एक्सरे की फिल्म मरीजों व तीमारदारों को दी जा रही है। जिन मरीजों ने डिजिटल एक्सरे की फिल्म नहीं मिली है, अब वह आकर ले सकते हैं।