उरई। अंतिम समय में भी युवक ने पत्नी व मासूम बेटी का मुंह नहीं देखा। घटना के बाद से उसका मोबाइल भी बंद जा रहा है। अभी तक उसका कहीं पता नहीं चला है। मां बेटी का पोस्टमार्टम होने बाद पुलिस की मौजूदगी में रिश्तेदारों ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी रंजीत की 30 वर्षीय पत्नी प्रियंका पांच वर्षीय बेटी राशिका उर्फ प्रिंसी का शव गुरुवार की सुबह घर में अलग अलग स्थान पर पड़ा मिला था। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। महिला की सास कुसुमा ने बताया था कि सुबह दस बजे उसने बहू को आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इस पर वह ऊपर वाले कमरे में पहुंची, तो दरवाजा खुला हुआ था।
बहू प्रियंका का शव जमीन पर पड़ा था। जबकि सामने वाले कमरे में मासूम प्रिंसी का शव चारपाई पर पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना पर सीओ अर्चना सिंह व फोरेंसिक टीम ने घर के कमरों की तलाशी ली थी और साक्ष्य एकत्रित किए थे। शुक्रवार को मां बेटी के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इसमें मौत की वजह न पता चलने पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। दोपहर में पुलिस की मौजूदगी में दोनों के शवों का परिजनों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार में पति रंजीत नहीं पहुंचा और न ही घटना के बाद से उसका कोई पता चल रहा है। उसका मोबाइल भी बंद जा रहा है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है। कि पूरी घटना उसका कहीं न कहीं कोई हाथ है। मृतका के पिता तुलसी की तहरीर पर पुलिस ने पति रंजीत, सास कुसुमा व ससुर राजकुमार के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ अर्चना सिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। इससे पता चल सके कि दोनों की मौत कैसे हुई।