परिवार के साथ ढाबे के बाहर बैठा संचालक।
- फोटो : amarujala
कदौरा (जालौन)। पथरेहटा चौराहा स्थित ढाबे पर होली की शाम तकरीबन पांच बजे तीन बाइक पर सवार नशे में धुत्त छह युवक आए और खाना आदि पैक कराकर बिना पैसा दिए जाने लगे। दुकानदार के विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए उसकी पत्नी, नाती व कारीगर को भी पीटा। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कदौरा थाना क्षेत्र के गांव हेमनपुरा निवासी माहेश्वरी दीन पुत्र शिवनाथ का पथरेहटा चौराहे पर ढाबा है। माहेश्वरी दीन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह होली की शाम करीब 5 बजे ढाबे पर बैठा था। तभी तीन बाइकों पर सवार नशे में धुत्त छह युवक आए और खाने-पीने का सामान पैक कराने के बाद रुपये देने से इंकार करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। ढाबे में मौजूद पत्नी गोमती, नाती शैलेंद्र व कारीगर गयाप्रसाद ने बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की। चीखपुकार सुन पास के खेतों में चारा काट रहे पुत्र उमाशंकर व बहुएं राजकुमारी व विनीता आई तो उनसे से भी हाथापाई की। हमलावरों ने ढाबे में तोड़फोड़ की और गोलक में रखे 25 हजार रुपये भी निकाल ले गए। ढाबा संचालक ने लक्ष्मण, ब्रजेश, जुग्गुलाल, शिवपूजन सहित अन्य अज्ञात युवकों निवासी पथरेहटा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सूत्रों का कहना है कि मारपीट अवैध खनन के कारोबार से जुड़े माफिया ने की है।