फोटो- 33 उर्स में कव्वाली प्रस्तुत करते कव्वाल। संवाद
कदौरा। कस्बे में स्थित हजरत अनवर अली शाह बाबा का दो दिवसीय सालाना उर्स रविवार देर रात जवाबी कव्वाली के साथ संपन्न हो गया। उर्स में दूर-दराज से पहुंचे जायरीनों ने बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाकर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। वहीं मशहूर कव्वालों की सूफियाना प्रस्तुतियों ने पूरी रात समा बांधे रखा।
उर्स के दौरान अहमदाबाद से आए प्रसिद्ध कव्वाल अनीस नवाब ने अपने मशहूर कलाम सोने के कलस वाले ख्वाजा मोरे आंगना में आजा... की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। वहीं बदायूं से आए कव्वाल ताहिर चिश्ती ने नाना मदीना हमसे छूट गया कलाम पेश कर अकीदतमंदों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कव्वाली के दौरान श्रोताओं की भारी भीड़ मौजूद रही और देर रात तक सूफियाना रंग बिखरता रहा।
मेले में रही रौनक
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर के बाहर पारंपरिक मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में बच्चों के लिए झूले और खिलौनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं, जबकि महिलाओं की जरूरतों से जुड़ी विभिन्न दुकानें भी सजाई गईं। देर रात तक मेले में चहल-पहल बनी रही।
रातभर चलता रहा लंगर
उर्स के दौरान जायरीनों के लिए विशाल लंगर की व्यवस्था की गई। कमेटी की ओर से पूरी रात लंगर चलता रहा, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष रानू मंसूरी, उपाध्यक्ष सोहेल, इरफान अली, आशिफ खान, अनीस राइन, अफजाल अहमद मोनू, मुन्ना पठान, इदरीस, जियाउद्दीन, अब्बास खान, नौशाद अकीदतमंद मौजूद रहे।