कुठौंद। बुंदेलखंड पृथक राज्य की मांग को लेकर राजा बुंदेला के नेतृत्व में चल रही पदयात्रा गुरुवार को कुठौंद पहुंची। जहां क्षेत्र के प्रधानों ने अपना समर्थन संयोजक को सौंपा और बुंदेलखंड राज्य बनाने में सहयोग की बात की। यात्रा का लोगों ने जगह जगह स्वागत किया।
बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष व सिने स्टार बुंदेला जिले में गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा निकाल रहे हैं। बुधवार रात कुठौंद पहुंची यात्रा ने रात में विश्राम के बाद गुरुवार को टीम के साथ शंकरपुर से यात्रा की शुरूआत की। यात्रा मदनेपुर, मदारीपुर, हदरुख होते हुए जालौन पहुंची।
राजा बुंदेला ने बताया कि बुंदेलखंड की वन संपदा और खनिज से प्राप्त धन का उपयोग इस क्षेत्र के बाहर किया जा रहा है, जिससे यहां के युवाओं को रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा इसलिए निकाली जा रही है कि लोग जागरूक होकर बुंदेलखंड राज्य के लिए लड़ाई लड़ें। यात्रा को क्षेत्र के प्रधानों ने अपना समर्थन दिया। यात्रा में शिक्षक नेता अशोक राठौर, यात्रा के संयोजक डॉ. आश्रय सिंह, शिवम चौहान और दीपक पांडे ने भी लोगों को संबोधित कर जागरूक किया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामू द्विवेदी, शंकरपुर प्रधान प्रतिनिधि मनीष, कुठौंद प्रधान नरेंद्र महंत, पूजा शुक्ला, व्यापारी मंडल अध्यक्ष शैलेश गुप्ता, रामआसरे, अमित गुप्ता शंकरपुर प्रधान मनीष शुक्ला, अनिल पाल, नीतू दुबे, प्रताप सिंह बुंदेला आदि मौजूद रहे।