कोंच। नगर पालिका परिषद की पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों की प्रमाणित एवं प्रकाशित प्रति अब तक उपलब्ध न कराने पर सभासदों ने नाराजगी जताई है। सभासदों ने मांग उठाई है कि पहले सात फरवरी 2026 को हुई नौवीं बोर्ड बैठक की कार्रवाई और प्रस्तावों की प्रकाशित प्रति उपलब्ध कराई जाए, इसके बाद ही अगली बोर्ड बैठक आयोजित की जाए।
इस संबंध में सभासद रघुवीर कुशवाहा व वेदप्रकाश द्विवेदी ने पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। सभासदों का कहना है कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक उन्हें बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों का प्रमाणित विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। नगर पालिका की सात फरवरी 2026 को आयोजित नौवीं बोर्ड बैठक काफी हंगामेदार रही थी।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी और कई प्रस्ताव बहुमत व सर्वसम्मति से पारित किए गए थे। सभासदों का आरोप है कि बैठक की कार्रवाई का प्रकाशन अब तक नहीं किया गया, जिससे उन्हें यह जानकारी तक नहीं मिल सकी कि पारित प्रस्तावों पर क्या कार्रवाई हुई।
उल्लेखनीय है कि उक्त बैठक में नगर पालिका की ईओ मोनिका उमराव के कार्य व्यवहार को लेकर सभासदों ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पेश किया था, जिसे बोर्ड बैठक की कार्रवाई में शामिल किया गया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों तथा लगभग दो करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए थे।
सभासदों का कहना है कि यदि अगली बैठक से पहले नौवीं बोर्ड बैठक की प्रकाशित प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई तो आगामी बैठक में फिर हंगामे की स्थिति बन सकती है। हालांकि अभी अगली बोर्ड बैठक की तिथि तय नहीं हुई है।