रामपुरा। विकासखंड रामपुरा की ग्राम पंचायत मानपुरा में सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लेखपाल की कथित लापरवाही से अटकी है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी मौके पर कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
विज्ञापन
ग्राम प्रधान प्रशासक इंद्रजीत सिंह राठौर ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। जिलाधिकारी समीर ने संबंधित लेखपाल को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लेखपाल अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। प्रधान के अनुसार, ग्राम पंचायत ने नरेंद्र कुशवाहा के घर से प्रमोद के घर तक 150 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई थी। आरोप है कि राजू पुत्र धनीराम ने सड़क के बीच अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध किया है। ग्रामीणों ने लेखपाल से कई बार संपर्क का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी माधौगढ़ को भी शिकायत दी गई है।