उरई। आशा एवं आशा संगिनी कार्यकत्री सेवा समिति संगठन ने मानदेय बढ़ाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएन प्रसाद को सौंपा।
संगठन ने कलक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों को उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि अन्य संविदा कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि की गई है। लेकिन आशा और संगिनियों के मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई। संगठन ने कदौरा ब्लॉक में करीब दो माह से बंद एयरटेल सिम चालू कराने की मांग की। साथ ही अन्य ब्लॉकों की तरह रिचार्ज का भुगतान भी मांगा। संगठन ने चेतावनी दी कि 29 सितंबर तक मांगों पर विचार न होने पर 30 सितंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष उमा शर्मा और जिलाध्यक्ष राजकुमारी सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।