उरई। डिलीवरी ब्वाय की बाइक में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से राहगीरों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के धरगुवां गांव निवासी चरन सिंह राजपूत (28) डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। रविवार दोपहर वह काम करके घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक करमेर बिनौरा रोड पर पहुंची तभी उसकी बाइक में दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
उसकी शादी दो वर्ष पहले डकोर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव में हुई थी। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मौत से पत्नी रूबी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल वीरेंद्र कुमार पटेल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाले बाइक चालक का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद पहुंची पुलिस को राहगीरों ने बताया कि हादसा होने के बाद जैसे ही चरन सिंह सड़क पर गिरा तो सिर में पहने हेलमेट की बेल्ट न लगी होने से हेलमेट अलग जगह पर गिर गया। जिससे सिर में अधिक चोट लगने व खून बहने से उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। लोगों का कहना है कि काश चरन सिंह अगर हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच जाती।