सिरसा कलार। कोढ़ा किर्राही के जंगल में मंगलवार की सुबह चीतल हिरण मृत अवस्था में मिला। हिरण के शरीर पर घाव थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शिकारियों के हमले से उसकी मौत हो गई। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हिरण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
न्यामतपुर वनरेंज क्षेत्र में कोढ़ा किर्राही के जंगल में मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे खेतों पर जा रहे किसानों को झाड़ियों में एक हिरण पड़ा मिला। उसके शरीर में घाव थे। इस पर उन्होंने इसकी सूचना चौकी प्रभारी शिवम सिंह को दी। थाना प्रभारी पीके सिंह और वन रेंज अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे।
टीम ने शव को न्यामतपुर पशु अस्पताल भेजा। वन रेंज अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हिरण के शरीर पर चोटें हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि या तो हिरण का शिकार किया गया है या फिर किसी जंगली जानवर के हमले से उसकी मौत हुई है।
डीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हिरण की मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि अगर शिकार की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।