जालौन। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
योग प्रतियोगिता में कक्षा चार के छात्र दीपू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा पांच के छात्र अनिरुद्ध ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन नगर के सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल, गुढ़ा नियामतपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीईओ दीपक अवस्थी ने किया।
उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। प्रतियोगिता में बच्चों के लिए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, रिले दौड़ और योग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
योग प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा के कक्षा चार के छात्र दीपू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा पांच के छात्र अनिरुद्ध ने द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। कार्यक्रम में एआरपी बलवान पाल, कपिल द्विवेदी सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग किया। लेखन एवं व्यवस्था संबंधी कार्य गोविंद दीक्षित ने संभाला।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में ब्लॉक क्रीड़ा प्रभारी मनीष शिवहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में मनीष समाधिया, आलोक श्रीवास्तव, राकेश निरंजन, रामकिंकर गुर्जर, अखिलेश रजक, सौरभ खरे, अभिषेक पुरवार, आलोक खरे, मनोज कुमार, रीनू पाल आदि रहे।