उरई। जिले में कोरोना संक्रमण की दर लगातार कम हो रही है। पर मौत का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दस संक्रमित मिले। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11333 हो गई है। जबकि मृतकों की संख्या भी बढ़कर 179 पहुंच गई है। वहीं 10679 लोग ठीक हो चुके है। उधर, 119 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। फिलहाल 475 सक्रिय केस है।
जिला प्रशासन की ओर से देर रात जारी रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 417593 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें शनिवार को एंटीजन जांच में तीन और आरटीपीसीआर जांच में सात पॉजिटिव केस मिले है। शनिवार को भी 1561 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में जो मरीज है यदि उनका ऑक्सीजन लेवल 94 से कम होता है और कोविड अस्पताल में भर्ती होना चाहते है। तो मेडिकल कालेज में लेवल 2 श्रेणी के 300 बेड वाले अस्पताल में 216 बेड रिक्त है। जबकि लेवल 1 हास्पिटल में 181 बेड में से 172 बेड खाली है। ऐसे व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर की मदद लेकर अस्पताल में भर्ती हो सकते हैं। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि शनिवार को 1640 लोगों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि सबके लिए टीकाकरण जरूरी है। 34 साल से अधिक आयु के सभी लोग अपने नजदीकी बूथ पर जाकर टीकाकरण जरूर कराए।