मगरौल में मृतक किशोर के दरवाजे खड़े ग्रामीण
- फोटो : ORAI
महेवा। घर का पंखा ठीक करते समय किशोर को करंट लग गया। जिससे वह अचेत हो गया। परिजनों को जब जानकारी हुई तो वह उसे लेकर कालपी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के मगरौल निवासी शंकर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र आदित्य बुधवार की सुबह घर में लगा पंखा ठीक कर रहा था। जिससे करंट लग गया और वह अचेत हो गया। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि आदित्य घर में अकेला पुत्र था, उसकी एक बहन भी है। वह कक्षा आठ में पढ़ता था। पिता घर में ही परचून की दुकान रखे है। जिसमें वह सहयोग करता था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
---
संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
उरई। भांजी की शादी में शामिल होने आए युवक का शव संदिग्ध हालत में पेड़ पर लटका मिला। सुबह खेतों की ओर गए लोगों ने शव लटका देख इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से शादी वाले घर में मातम सा छा गया।
जनपद हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र के जमौड़ी गांव निवासी वरदानी (35) कालपी कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव में 28 जून को भांजी की शादी मेें शामिल होने के लिए आया था। बुधवार की सुबह उसका शव खेत पर लगे पेड़ में साफी से लटकता मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। कालपी पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई आरोप-प्रत्यारोप की बात सामने नहीं आई है। परिजन न तो कुछ बता रहे हैं और न ही दोपहर तक कोई तहरीर ही दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)
----
डंपर ने पांच वाहनों में मारी टक्कर
कुठौंद। जालौन औरैया हाइवे पर कुठौंद कस्बे के माधौगढ़ तिराहे के पास खड़े वाहनों में मंगलवार की रात डंपर चालक ने टक्कर मार दी। जिससे चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर मारने के बाद डंपर चालक मौके से भागा। पुलिस ने उसे ह्दरुख के पास से पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गनीमत थी कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि टक्कर जबरदस्त थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)