माधौगढ़। प्रवासी मजदूर का शव माइनर में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर सीओ शाहिदा और इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उसकी शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार का कहना है कि शरीर पर चोट के निशान हैं। मामला हत्या का है या हादसे का। इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
कस्बा के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी मजदूर मूलचरन कुशवाहा (26) पत्नी रोशनी से बुधवार की रात में कहकर घर से निकला था कि किसी काम से जा रहा है और जल्द लौटेगा। देर रात तक वापस न लौटने पर पत्नी को चिंता हुई। पत्नी रात भर नाते-रिश्तेदारों व दोस्तों को फोन मिलाकर मूलचरन का पता करती रही। गुरुवार की सुबह लोग जब टहलने के लिए निकले तो कुंअरपुरा पुलिया के पास एक लावारिस बाइक पड़ी मिली। शक होने पर उन लोगों ने आगे जाकर माइनर में देखा तो वहां एक शव भी पड़ा था। इस पर टलहने वालों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। कोतवाल ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। जेब में रखे आधारकार्ड से शव की शिनाख्त की गई। सूचना की जानकारी मिलते ही मूलचरन की मां गुड्डी देवी, पत्नी रोशनी भी मौके पर रोते बिलखते पहुंचे। मृतक के पिता छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि बेटा गुजरात में पानी पूड़ी का धंधा करता था। कोरोना कर्फ्यू के दौरान ही वह घर लौटा था। दो चार ही दिन में ही उसे परिवार के साथ वापस भी जाना था। मूलचरन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पत्नी का आरोप है कि जिस तरह शरीर में चोटों के निशान हैं। उससे साफ है कि उसकी पीटकर हत्या की गई है। सीओ का कहना है कि हकीकत पीएम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी। मृतक के फोन की काल डिटेल भी देखी जाएगी।