कोंच। अधेड़ पल्लेदार का शव संदिग्ध हालात में घर पर मिला। पड़ोसी ने जब घर का दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव देख होश उड़ गए। सूचना पर एसपी रवि कुमार, सीओ, कोतवाल और सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जय प्रकाश नगर निवासी सियाराम उर्फ ढकोले (52) का शव मंगलवार को संदिग्ध हालात में घर के कमरे में पलंग पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सियाराम घर पर अकेले थे। एक बेटी थी जिसकी शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा दिलीप दिल्ली में नौकरी करता है। पत्नी बच्चों बादल व काजल के साथ रक्षाबंधन मनाने मायके नागपुर गई थी। बेटे दिलीप ने जब पिता को फोन लगाया तो काल न उठने पर पड़ोसी नीरज को घर पर भेजा। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला तो सामने पलंग पर उसका शव पड़ा था। शव की हालत देख उसकी मौत कुछ दिन पहले हुई प्रतीत लग रही है। मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं एसपी ने पड़ोसियों से भी पूछताछ की।