गुरुकुलम पब्लिक स्कूल में अपराजिता कार्यक्रम में जूडो करती छात्राएं
- फोटो : ORAI
उरई। अमर उजाला के महाभियान अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के अंतर्गत कालपी रोड स्थित गुरुकुलम पब्लिक स्कूल में छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई। इसमें बताया गया कि बेटियां कैसे स्वयं अपनी रक्षा कर सकती हैं। प्रशिक्षक सुजात हुसैन ने छात्राओं को जूडो कराटे के गुर सिखाकर बताया कि मुसीबत पड़ने पर जब तक कोई मदद न मिले, तब तक छात्राओं को उस मुसीबत का स्वयं ही डटकर मुकाबला करना चाहिए। इसके बाद सभी ने नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली।
स्कूल डायरेक्टर श्रुति माहेश्वरी ने छात्राओं से कहा कि बेटियां कभी भी स्वयं को कमजोर न समझें। जिस तरह वे पढ़ाई में बेटों से आगे रहती हैं, ठान लें तो वैसे ही बेटियां स्वयं की सुरक्षा में भी आगे रह सकती हैं। घर के आसपास, स्कूल आते जाते वक्त कहीं पर भी यदि कोई छात्राओं को परेशान करे तो दूसरों की मदद का इंतजार करने से बेहतर होगा कि स्वयं ही उससे जूझे और समस्या का डटकर मुकाबला करें। यही वजह है कि स्कूल में सेल्फ डिफेंस का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षक सुजात हुसैन ने छात्राओं को किसी का हाथ मोड़कर उसे जमीन पर गिराना, दोनों हाथों से आक्रमण करना आदि का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षक ने बताया कि मुसीबत के वक्त सबसे अधिक आवश्यकता हौसले और हिम्मत की होती है, एक बार इस ताकत को संजो लें तो फिर कोई शोहदा या बदमाश कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। कार्यक्रम में बढ़चढ़ हिस्सा लेते हुए छात्राओं ने भी दांव सीखने के लिए खूब पसीना बहाया। इसके उपरांत सभी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे बुलंद किए और फिर नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ भी ली। इस दौरान स्कूल के शिक्षकों में सौरभ, राहुल, हेमंत, अनीता, अजीत, हर्ष आदि मौजूद रहे।