माधौगढ़ (जालौन)। डेयरी संचालक के पुत्र ने किशोरी को खंडहर में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर पहुंचकर फोन पर मां को पूरी घटना बताई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह पत्नी के साथ दिल्ली में रहता है, जबकि 15 वर्षीय बेटी अन्य परिजनों के साथ घर पर रहती है। बताया कि वह मोहल्ले में ही स्थित एक डेयरी में दूध लेने जाती है। सोमवार को डेयरी संचालक का पुत्र उसे मंदिर स्थित एक खंडहर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को न बताने की बात करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
किशोरी जब घर पहुंची तो उसने फोन पर अपनी मां को इसकी जानकारी दी। गुरुवार को दिल्ली से घर पहुंचे किशोरी के पिता ने बेटी के साथ जाकर डेयरी संचालक के पुत्र राहुल शिवहरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल पप्पू सिंह का कहना हैं कि मामला दर्ज कर लिया गया हैं। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।